सर्वेश तिवारी श्रीमुख : ‘लभ’ का क्रेज चल रहा है.. वे लभ करने के लिए बेचैन हैं..आईपीएल वाले 49 रुपये के सट्टे से अधिक लुभावनी…
अखबार के पहले पन्ने की खबर है, ” युवती की शादी तय होने से नाराज लड़के ने उसे गोली मारी, फिर खुद को उड़ाया।” घटना पटना की है। आज ही के अखबार में दूसरी खबर भी है, ” कथित प्रेमी ने दोस्तों के साथ मिल कर विवाहित महिला का अपहरण करने का प्रयास किया। लड़की का पिता विरोध करने लगा तो उसे चाकू गोद कर मार डाला। लड़की एक बच्चे की मां थी, और अब कथित प्रेमी का फोन रिसिभ नहीं कर रही थी।” यह घटना चम्पारन की है।
अभी तीन चार दिन पहले ही आरा रेलबे स्टेशन पर ऐसी ही घटना हुई थी, जब एक युवक ने बाप बेटी को मार डाला और उसके बाद खुद को गोली मार ली।
यह तीन घटनाएं आज-कल की हैं सो याद आ गईं, वरना ऐसी घटनाएं अब आम हो गयी हैं। लड़की बात नहीं मान रही है तो ठाँ… कुछ भोजपुरी गाने याद आये? नहीं आये तो याद कीजिये, हर साल ऐसे सैकड़ों गाने बनते हैं, और उनपर करोड़ों रील बनते हैं। फलां जाति के बेटा हैं, टाँग ले जाएंगे… छाती में छह गोली ठोक देब… बबुआन, अहिरान, पासवान, चमरान, पण्डितान के शौर्य भरे गीत बन रहे हैं। उठा ले जाएंगे… मार देब गोली, केहू ना बोली…
लड़के यही सुन रहे हैं, यही समझ रहे हैं और यही करने लगे हैं। लड़की भला उसे छोड़ कर दूसरे को कैसे पसन्द कर सकती है भला? कमर डोला कर पैसा लेने वाला उसका गायक शेर है, वह बोलता है कि ठोक देंगे, तो ठोक दो…
‘लभ’ का क्रेज चल रहा है। लभ मैरेज करना ‘कूल’ निर्णय है। पांचवी कक्षा में ही पढ़ाई छोड़ कर गुजरात में रिलैन्स में मजूरी कर रहे लड़के ब्यूटी ऐप से अपने लंगूर जैसे चेहरे को चमका कर इंस्टा-गराम के हीरो बने हैं। वे लभ करने के लिए बेचैन हैं। उधर दिन भर रील की दुनिया में डूबी लड़कियां भी हैं, जो समझ गयी हैं कि लभ नहीं तो कुछ भी नहीं। आंखें बंद हैं पूरी तरह, कुछ भी चलेगा, बस लभ होना चाहिये। भले बाद में दुबई में बेंच दी जाँय, पर आज तो लभ चाहिये…
अठारह साल के लड़के 35 साल की महिलाओं को लेकर भाग रहे हैं, तीन बच्चों की मां को… हाँ हाँ, मजाक न समझिये! दर्जनों केस देख चुका हूं। खूब चलन में है यह सब… और दसवीं में तीन बार फेल हो कर युट्यूबर बने लड़के लिखते हैं- आखिर जालिम समाज हार गया और प्रेम जीत गया।
कल परसो की ही घटना है, यूपी की। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को किसी युवक के साथ पकड़ा। अब उस छिनरकट से पीछा छुड़ाने के लिए मन्दिर ले गया और दोनों का विवाह करा दिया… फेसबुक से यूट्यूब तक उस महिला के प्रेम और पति की सज्जनता के गुण गाये जा रहे हैं। उस महिला के तीन बच्चों के लिए सोचने का समय किसी के पास नहीं। स्कूल में, टोला-मुहल्ला में, सड़क पर किस तरह उन बच्चों का मजाक उड़ाया जाएगा, और इससे उनका कैसा अहित होगा इसकी समझ कहाँ है?
भोजपुरी गाने और रील… आईपीएल वाले 49 रुपये के सट्टे से अधिक लुभावनी है वायरल होने की उम्मीद। सभी उसी लोभ से लथपथ दौड़े जा रहे हैं कट्टे की नोक के आगे… यह ठोक देने वाली कहानियां बहुत तेजी से बढ़ रही हैं आपकी ओर… रोकिये, वरना सब आएंगे इसके दायरे में…
सर्वेश कुमार तिवारी
गोपालगंज, बिहार।
