पूर्व विदेश मंत्री नटवरसिंह बोले.. तालिबान को पता है ये 2001 का नहीं 2021 का भारत है, आतंकवाद पर बालाकोट जैसी कारवाई करने में सक्षम…
भारत की पहली कूटनीतिक जीत
तालिबान के समर्थन में भारत में कुछ लोगों द्वारा लगातार बयान दिए जा रहे हैं। अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे ने पूरी दुनिया की चिंता बढ़ा दी है। केंद्र सरकार अभी कुछ बोलने से बचते हुए कूटनीति अपना रही है। तालिबान ने इन्ही स्थितियों में भारत के साथ व्यापारिक रिश्ते खत्म करने की घोषणा भले ही कर दी है लेकिन देखा जाए तो यह भारत की पहली कूटनीतिक जीत है।
भारत के सामने भी अब नई चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। इस बीच एक न्यूज चैनल के साथ के साथ खास बातचीत में देश के पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह ने कहा कि तालिबान को पता है कि यह 2001 का नहीं, 2021 का भारत है। इस समय हिंदुस्तान में जो सरकार है, वह बालाकोट जैसी कार्रवाई करने में सक्षम है, अगर वह हमारे खिलाफ आतंकवाद के रास्ते पर आएंगे।
नटवर सिंह ने कहा, “तालिबान से अभी बात करने का सवाल ही नहीं है। अभी देखना होगा कि वे अफगानिस्तान में क्या करते हैं? हालांकि उनकी बातों ने उम्मीद जगाई है। अमेरिका ने एक साथ सैनिकों को वापस लाकर बहुत बड़ी गलती की। पंजशीर वैली से अगर जंग छिड़ी तो लड़ाई बढ़ सकती है। अगर इसी तरह अत्याचार की खबरें आती रही तो विश्व में कोई उन्हें मान्यता नहीं देगा। अगला हफ्ता बहुत ही क्रिटिकल है. अगर वे सरकार बना लेते हैं तो स्थिति अलग ही होगी। और अगर सरकार नहीं बन पाती है तो अगल हालात होंगे। इन सबमें पाकिस्तान का पूरा हस्तक्षेप है और आगे भी रहेगा।”
