गायत्री मंत्र से गूंजा जिला जेल, चिंतन-चरित्र में शुचिता का दिया संदेश

जिला जेल में गूंजा गायत्री मंत्र, 244 बंदियों ने किया पांच कुंडीय गायत्री यज्ञ

कोरबा। अखिल विश्व गायत्री परिवार, कोरबा के तत्वावधान में जिला जेल कोरबा में पांच कुंडीय गायत्री यज्ञ का आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य जेल में निरुद्ध बंदियों को धर्मतंत्र के माध्यम से लोकशिक्षण प्रदान कर उनके चिंतन, चरित्र और व्यवहार में शुचिता का भाव जागृत करना रहा।

Veerchhattisgarh


यज्ञ के दौरान गायत्री मंत्रोच्चार और वैदिक विधि-विधान के साथ बंदियों ने आहुति अर्पित की। आयोजन के माध्यम से बंदियों को आत्मचिंतन, सद्विचार, सदाचार और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के लिए प्रेरित किया गया। गायत्री परिवार का मानना है कि व्यक्ति के विचारों में परिवर्तन ही उसके आचरण और जीवन में स्थायी सुधार का आधार बन सकता है।
इस आध्यात्मिक एवं लोकशिक्षण कार्यक्रम में गायत्री परिवार के मुख्य ट्रस्टी कमलेश मिश्रा के साथ कैप्टन मुकेश अदलखा, व्ही.के. यादव, मनहरण यादव, ए.के. वर्मा एवं जे.के. शांडिल्य सहित गायत्री परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला जेल के 244 बंदियों ने सहभागिता दर्ज कर यज्ञ में आहुति अर्पित की। जेल परिसर में गायत्री मंत्र और वैदिक मंत्रोच्चार से वातावरण आध्यात्मिक एवं सकारात्मक बना रहा।
आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल धार्मिक अनुष्ठान कराना नहीं, बल्कि बंदियों के भीतर आत्मबोध, सद्विचार और सामाजिक जीवन में सकारात्मक पुनर्वापसी की भावना विकसित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *