जयसिंह अग्रवाल बोले- बिजली दर वृद्धि के खिलाफ कोर्ट जाने का फैसला हाईकमान करेगा
बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ हाई कोर्ट में याचिका का निर्णय पार्टी हाई कमान पर
कोरबा। बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी और प्रदेश की बदहाल बिजली व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि का फैसला पूरी तरह जनविरोधी, किसान-विरोधी और मध्यम वर्ग-विरोधी है। यह केवल बिजली बिल का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिक की आर्थिक स्थिति से जुड़ा गंभीर विषय है।
प्रेस कांफ्रेंस में एक सवाल के जवाब में पूर्व राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि बिजली वृद्धि की दर में वृद्धि के विषय पर हाई कोर्ट में याचिका दायर करने के लिए पार्टी हाई कमान निर्णय लेगी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने घरेलू एवं व्यावसायिक बिजली दरों में वृद्धि कर प्रदेश की जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। नई दरें 1 जुलाई से लागू होंगी, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं के बिजली बिलों पर पड़ेगा। पार्टी का कहना है कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे परिवारों के लिए यह निर्णय बेहद कष्टदायक साबित होगा।

