नारायण चंदेल बोले “PM मोदी के जन्मदिन पर जश्न नहीं, जनसेवा का संकल्प…”
★ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा और जनभागीदारी के कार्यक्रम,
★ कोरबा में पूर्व सैनिकों का होगा सम्मान
कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में उनकी 25 वर्षों की सेवा यात्रा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से देशभर में शुरू होगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान का समापन 17 अक्टूबर को होगा। भारतीय जनता पार्टी इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी की सेवा, सुशासन और विकास की यात्रा को जनभागीदारी से जोड़ने के साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाने की तैयारी में है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने प्रेस वार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक देशभर में सेवा और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान में रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण गतिविधियां, सरकारी योजनाओं की जानकारी देने वाले शिविर, जागरूकता कार्यक्रम, प्रदर्शनियां और सेमिनार शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। इस अवसर को केवल समारोह तक सीमित न रखकर ‘सेवा ही संकल्प’ की भावना के साथ जनसेवा से जोड़ने का निर्णय लिया गया है। अभियान के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और सहायता के विभिन्न कार्यक्रम संचालित करेंगे।
‘सेवा सेतु’ शिविरों से मिलेगा योजनाओं का लाभ
चंदेल ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर ‘सेवा सेतु’ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में आम लोगों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने में सहयोग किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जरूरतमंद लोगों के बीच की दूरी को कम करना भी है।
युवाओं और विद्यार्थियों को भी जोड़ा जाएगा
‘सेवा संकल्प अभियान’ में युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी पर भी जोर रहेगा। स्कूलों में ‘विकसित भारत 2047’ विषय पर चित्रकला, भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं ‘नमो सेवा’ के तहत नुक्कड़ नाटक और आंगनवाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रमों के जरिए सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
कोरबा में पूर्व सैनिकों का सम्मान
कोरबा में अभियान के दौरान पूर्व सैनिकों के सम्मान का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। देश की सीमाओं की रक्षा और राष्ट्र सेवा में अपना योगदान देने वाले पूर्व सैनिकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए उनके योगदान को समाज के सामने रखा जाएगा। इसके अलावा अभियान के दौरान विभिन्न सामाजिक और जनसेवा गतिविधियों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
50 स्थानों पर दिखेगी विकास की तस्वीर
अभियान के दौरान देश के करीब 50 ऐसे स्थानों को भी चिन्हित कर उनके विकास और बदलाव को जनता के सामने प्रस्तुत करने की योजना है, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल और सार्वजनिक जीवन की विकास यात्रा से जोड़कर देखा जाता है। इसके माध्यम से ‘विकसित भारत’ के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
17 अक्टूबर को ‘जनसेवक महाकुंभ’ से होगा समापन
एक माह तक चलने वाले अभियान का समापन 17 अक्टूबर को प्रस्तावित ‘जनसेवक महाकुंभ’ के साथ होगा। इसमें पंचायत से संसद तक के जनप्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। इस अवसर पर राष्ट्रभावना और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
नारायण चंदेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा यात्रा को जनसेवा के माध्यम से जनता तक पहुंचाना ही इस अभियान का मूल उद्देश्य है। सेवा, संकल्प और जनभागीदारी के जरिए अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, महापौर संजू देवी राजपूत, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जागेश लांबा, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला महामंत्री संजय शर्मा, अजय विश्वकर्मा तथा एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन सहित भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे।


