आदि शक्ति पर्वत वासिनी मां मड़वारानी धाम में 23वां श्री सवा लाख महामृत्युंजय जाप यज्ञ संपन्न, बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल
मड़वारानी। आदि शक्ति पर्वत वासिनी मां मड़वारानी दाई के पावन धाम जाने वाले मार्ग पर पहाड़ के ऊपर स्थित श्री हनुमान मंदिर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 23वां श्री सवा लाख महामृत्युंजय जाप यज्ञ का आयोजन 30 जुलाई 2026 को श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ पूजन एवं रुद्राभिषेक से हुआ। इसके पश्चात सात विद्वान आचार्यों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्री सवा लाख महामृत्युंजय जाप संपन्न कराया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान में पीठाधीश श्री भागीरथी दुबे जी के मार्गदर्शन में नीशु गुरद्वान, नारायण प्रसाद, तेजस्वी पांडे, त्रिनेत्र गौरहा, हेमंत पाण्डेय, हर्ष दुबे एवं प्रकाश महाराज सहित सात पंडितों ने विधि-विधानपूर्वक यज्ञ एवं जाप संपन्न कराया।
इस पावन अनुष्ठान की मुख्य यजमान श्रीमती सीमा विनोद कुमार साहू, सचिव, मां मड़वारानी सेवा एवं जनकल्याण समिति, मड़वारानी रहीं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्री संतोष सोनी (व्यवस्थापक), शेखर, अन्नपूर्णा राठौर, वैभव साहू, गजानंद, परिणाम सोनी, दिव्यास सोनी सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुजन उपस्थित होकर भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया तथा महामृत्युंजय जाप में सहभागिता कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण, वैदिक मंत्रोच्चार एवं हर-हर महादेव के जयघोष से गुंजायमान रहा।


