श्रावण मास : मड़वारानी धाम में गूंजेगा महामृत्युंजय मंत्र, 30 जुलाई से सात दिवसीय धार्मिक आयोजन
कोरबा। श्रावण मास के पावन अवसर पर जिले के प्रसिद्ध मड़वारानी धाम (पहाड़ ऊपर) स्थित हनुमान मंदिर में 30 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक सवालाख महामृत्युंजय मंत्र जाप यज्ञ, अभिषेक, हवन एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन माँ मड़वारानी सेवा एवं जन कल्याण समिति, मड़वारानी द्वारा किया जा रहा है।

समिति के अनुसार, सात दिवसीय इस धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ 30 जुलाई को होगा। प्रतिदिन भगवान शिव के महामृत्युंजय मंत्र का जाप एवं विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। समापन अवसर पर 5 अगस्त को अभिषेक, हवन और विशाल भंडारे का आयोजन होगा।
इस अनुष्ठान का संचालन पंडित भागीरथी दुबे (कर्मकांडी), दस महाविद्या ज्योतिष पीठ, चांपा के मार्गदर्शन में सात विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन समिति के मुख्य व्यवस्थापक संतोष सोनी, अध्यक्ष कन्हैया कंवर एवं सचिव विनोद कुमार साहू ने जिले एवं आसपास के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता करने और पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
यह आयोजन श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर माना जा रहा है, जिसमें प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।


