मुख्य राष्ट्रीय समाचार : गलत और पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के खिलाफ एफ आई आर दर्ज
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा – गरीबों का कल्याण मोदी सरकार का नारा नहीं बल्कि मंत्र और मिशन है।
- चन्द्रयान-3 का विक्रम लैंडर तय मिशन को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद स्लीप मोड में चला गया है।
- मणिपुर सरकार ने गलत और पक्षपातपूर्ण रिपोर्टिंग के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के खिलाफ एफ आई आर दर्ज की।
- शिक्षा मंत्रालय ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और उद्यमियों को डिजिटल और मार्केटिंग कौशल उपलब्ध कराने के लिए मेटा के साथ साझेदारी की शुरूआत की।
- यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोद्यमीर जेलेन्स्की ने अपने रक्षा मंत्री को बर्खास्त किया।
- और, एशिया कप क्रिकेट में श्रीलंका के कैंडी में भारत और नेपाल के बीच मुकाबला जारी।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार आम आदमी के सशक्तिकरण के लिए कार्य कर रही है। पिछले नौ साल में साढे 13 करोड़ से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं। श्री सिंह आज जैसलमेर जिले के रामदेवरा में प्रदेश भाजपा की तीसरी परिवर्तन संकल्प यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले गरीबों का कल्याण कुछ पार्टियों का ही नारा होता था, लेकिन मोदी सरकार के लिए यह केवल एक नारा नहीं बल्कि मंत्र और मिशन है।
हमारी सरकार ने बराबर आम आदमी का सशक्तिकरण करने का प्रयास किया और नीति आयोग ने भी कहा है कि मोदी जी के आने के बाद साढ़े 13 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। गरीब कल्याण बहनों–भाइयों हमारा नारा नहीं है, हमारा मंत्र है और हमारा मिशन है, इसलिए हिन्दुस्तान की गरीबी इतनी तेजी के साथ समाप्त हो रही है।
रक्षामंत्री ने कहा कि भारत एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है और आज पूरी दुनिया इसकी ओर बडे विश्वास और भरोसे से देख रही है।
रक्षा मंत्री ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर राज्य की कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासन में 10 लाख से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं, जबकि किसी भी राज्य के विकास के लिए कानून व्यवस्था पहली शर्त है।
28 दलों ने मिलकर के गठबंधन बनाया है। मोदी जी तो किसी भी सूरत में प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहिए। गठबंधन होना चाहिए तो इस देश का मान–सम्मान स्वाभिमान बढ़ाने के लिए होना चाहिए। यह गठबंधन इसलिए हो रहा है कि मोदी जी को दोबारा किसी भी सूरत में सत्ता में आने नहीं देना है। अब ये गठबंधन की क्या हालत है। नाम बड़ा, दर्शन छोटा। नाम तो बहुत इंडिया रख लिया, हम लोगों ने भी एक बार शाइनिंग इंडिया का नारा दिया था, हम लोग हार गए थे और आप ने यदि इंडिया बना लिया तो आपकी हार निश्चित है।
रक्षा मंत्री ने डी.एम.के. नेता उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों की आलोचना करते हुए कहा कि ऐसी टिप्पणी करने वालों को पहले खुद चीजों के बारे में सही जानकारी हासिल करनी चाहिए।
——–
सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि देश को आत्मनिर्भर और पॉच ट्रिलीयन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बनने के लिए लॉजिस्टिक्स खर्चो में कटौती करनी होगी। वे आज नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और मंत्रालय के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए नवाचार को अपनाने, लॉजिस्टिक्स के खर्चो में कटौती करने और रोजगार के अवसर पैदा करने की जरूरत है। उन्होंने राजमार्ग परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए उनकी गुणवत्तापूर्ण निगरानी पर भी जोर दिया।
—-—
उपराष्टपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि महिलाओं के योगदान के बिना दुनिया प्रगति नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि महिलाओं के भागीदारी के बिना विकास नहीं हो सकता। श्री धनखड़ दो दिन के राजस्थान दौरे के दौरान आज जयपुर के महारानी कॉलेज में “राष्ट्रीय उत्थान में महिलाओं की भागीदारी” विषय पर छात्राओं से संवाद कर रहे थे। श्री धनखड़ ने कहा कि महिलाओं को आगे बढने से रोकने के कई प्रयास किये गये। चंद्रयान-2, चद्रयान-3 और आदित्य एल वन मिशन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन मिशन की रीढ़ महिलाएं ही हैं।
——-
मणिपुर सरकार ने राज्य में मीडिया कवरेज पर गलत और पक्षपातपूर्ण रिपोर्ट के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष और तीन सदस्यों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इंफाल में मुख्यमंत्री सचिवालय में आज संवाददाताओं को जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की तथ्यों को जांचने वाली टीम की कड़ी आलोचना की और कहा कि सीमा गुहा, संजय कपूर और भारत भूषण के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने गलत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया की अध्यक्ष सीमा मुस्तफा को दोषी ठहराया और कहा कि एडिटर्स गिल्ड की तथ्यों की जांच करने वाली समिति के सदस्यों ने मैतेई और कुकी दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों से बिना मुलाकात किए गलत निष्कर्ष प्रस्तुत कर दिया।
इस बीच, मणिपुर के पत्रकारों की शीर्ष संस्था – ऑल मणिपुर वर्किंग जर्नालिस्ट यूनियन और एडिटर्स गिल्ड मणिपुर ने भी कल एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर एडिटर्स गिल्ड आफॅ इंडिया की रिपोर्ट की निंदा की और आरोप लगाया कि रिपोर्ट अफवाहों, गलत तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर संकलित की गई है। रिपोर्ट में कहा है कि आकाशवाणी इम्फाल से 3 मई से कुकी बोली के तीन समाचार बुलेटिन रद्द कर दिए गए हैं जबकि यह खबर पूरी तरह से निराधार और गलत है।
—–—
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने प्रतापगढ़ जिले में एक गर्भवती महिला को उसके परिवार के सदस्यों द्वारा पीटने और निर्वस्त्र घुमाने की कथित घटना पर स्वत: संज्ञांन लेते हुए राजस्थान सरकार को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इस मामले पर चार सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
—–—
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 के विजेताओं से बातचीत की। श्री मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि युवा दिमाग को आकार देने के प्रति उनका समर्पण और शिक्षा में उत्कृष्टता के प्रति अटूट प्रतिबद्धता बेहद प्रेरणादायक है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु कल शिक्षक दिवस के अवसर पर 75 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2023 प्रदान करेंगी।
——-
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने आज नई दिल्ली में शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमिता मंत्रालय तथा मेटा के बीच 3 साल की साझेदारी की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई पहल ने भारत को दुनिया का एक कुशल केंद्र बनाने और देश की अमृत पीढी को सशक्त बनाने के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाया है।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति में सारा फीचर को इनविजन किया गया। 21 सैन्च्युअरी को एनविजन करते हुए हम करिकुलम सिलेबस टेक्स्ट बुक बना रहे हैं। आन्त्रप्रेन्योरशिप को महत्व दिया जा रहा है । आज की प्रधानमंत्री जी की विजन है मेरे को वैल्थ क्रियेटर बनाना है। वैल्थ क्रियेटर बनाने के लिए मॉनोपोली से नही होगा, टेक्नोलोजी लाना पडेगा। डाइवरसिटी लाना पडेगा, डेमोक्रेटिक फोर्सेज को लाना पडेगा।
—-—
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का चंद्रयान-3 का विक्रम लैंडर चंद्रमा की सतह पर अभियान का महत्वपूर्ण काम पूरा करने के बाद अब स्लीप मोड में चला गया है। इसरो ने कहा कि कमांड पर, विक्रम लैंडर ने इंजन चालू कर दिया, उम्मीद के मुताबिक खुद को लगभग 40 सेमी ऊपर उठाया और दूरी पर सुरक्षित रूप से उतर गया। 30- 40 सेमी दूर. विक्रम लैंडर अपने लक्ष्य से आगे निकल गया है और इसलिए इसके पेलोड अब बंद कर दिए गए हैं।
इसरो ने सोशल मीडिया पर कहा कि विक्रम लैंडर को आज भारतीय मानक समय के अनुसार लगभग आठ बजे स्लीप मोड में सेट किया गया।
—–––
नई दिल्ली में 18वें जी20 शिखर सम्मेलन में डिजिटल इंडिया एक्सपीरियंस ज़ोन प्रमुख आकर्षण होगा। नई दिल्ली के प्रगति मैदान में शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। हमारे संवाददाता ने बताया है कि इसका उद्देश्य डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और भारत में डिजिटल बदलाव की सफलता के बारे में जी20 के प्रतिनिधियों को व्यावहारिक अनुभव देना है।
डिजिटल इंडिया एक्सपीरियंस ज़ोन भारत की मजबूत डिजिटल बुनियादी ढांचे के निर्माण की सफलताओं को प्रदर्शित करेगा, जिसने करोड़ों भारतीयों के जीवन को बदल दिया है। इस प्रदर्शनी का उद्देश्य विश्वस्तरीय पहलों को प्रदर्शित करना है, जिसने लोगों के जीवन और व्यापार को आसान बनाया है। इस प्रदर्शनी में भारत की सात प्रमुख पहलों का चयन किया गया है, जिनमें आधार, डिजीलॉकर, यूपीआई, ईसंजीवनी और दीक्षा शामिल हैं। यह प्रदर्शनी विदेशी मेहमानों को एक व्यापक अनुभव प्रदान करेगी। दीपेंद्र कुमार, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
—–—
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए नई दिल्ली के भारत मंडपम में बनाए गए अंतर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर की एक झलक सोशल मीडिया पर साझा की है।
मीडिया सेंटर का वीडियो पोस्ट करते हुए, श्री ठाकुर ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मीडिया सेंटर जी20 शिखर सम्मेलन में दुनिया भर से आने वाले मीडियाकर्मियों का स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि इसमें मीडियाकर्मियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी सुविधाए उपलब्ध कराई गई हैं।
——–
सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने आज कहा कि नया भारत अवसरों से भरा है और यह दुनिया का भविष्य है। नई दिल्ली में डीडी डायलॉग कार्यक्रम में श्री ठाकुर ने कहा कि भारत को जी20 की अध्यक्षता का सौभाग्य मिला है जो उसे अपनी कला, संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित करने के लिए एक मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि जी-20 की देशभर में 60 जगहों पर दो सौ से अधिक बैठकें हो चुकी हैं। जिनमें तीन हजार से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
——
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली जी-20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी के लिए तैयार है। इस वैश्विक आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी सरकारी एजेंसियां, नगर निकाय तथा सुरक्षा प्रतिष्ठान भरपूर प्रयासों में लगे हुए है। प्रतिनिधियों के लिए हवाई अड्डे पर भी विशेष व्यवस्था की गई है। जी20 प्रतिनिधियों के आगमन को देखते हुए करीब 160 घरेलू उड़ानों को रद्द किया जा सकता है। अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के अनुसार उड़ान रद्द होने की स्थिति में यात्रियों को उनके टिकट का पूरा पेसा वापस दिया जाएगा।
——-
दिल्ली पुलिस ने आज जारी आदेश में दो सितंबर को जारी किए गए अपने निर्देशों को वापस ले लिया है। दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त एसएस यादव ने बताया है कि सुप्रीम कोर्ट के मेट्रो स्टेशन को छोड़कर बाकि सभी स्टेशनों पर मेट्रो की सेवाएं सामान्य रुप से उपलब्ध रहेंगी।
मेट्रो सेवाएं पूरी दिल्ली में चलेगी, तो कोई भी व्यक्ति नई दिल्ली में आना चाहता है, दिल्ली के किसी जगह पर जाना चाहता है, वो मेट्रो सेवा का इस्तेमाल कर सकते है। जैसे ही आप नई दिल्ली से बाहर निकलते है, तो आपको सिटी बस सर्विस, टीएसआर टैक्सिस वगैरह सब मिलेंगे। मेट्रो पूरी तरह से उपलब्ध हैं और एयरपोर्ट के लिए आप मेट्रो का इस्तेमाल कीजिए।
—–—
विकासशील और अल्पविकसित देशों की आवाज को बढावा देने और अफ्रीकी देशों के लिए सकारात्मक समर्थन के सघन प्रयासों से इन देशों को जी-20 का स्थायी सदस्य बनने में मदद मिल सकती है। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष भेंट में जी-20 संचालन के विशेष सचिव मुक्तेश परदेशी ने आशा व्यक्त की कि अफ्रीकी देशों को जी-20 संगठन में शामिल करने के बारे में नई दिल्ली में होने वाली जी-20 शिखर बैठक में स्वीकृति मिल सकती है।
श्री परदेशी का पूरा साक्षात्कार आज रात सवा नौ बजे स्पॉटलाइट कार्यक्रम में एफ एम गोल्ड और अतिरिक्त चैनलों पर सुना जा सकता है। यह साक्षात्कार यू-ट्यूब पर न्यूज ऑन ए आई आर ऑफिशियल पर भी उपलबध रहेगा।
——-
यूक्रेन के राष्ट्रपति व्लादिमीर जेलेंस्की ने अपने रक्षामंत्री रेजनिकोव को बर्खास्त कर दिया है। उनकी जगह रूस्तम उमेरो को नया रक्षामंत्री नियुक्त किया गया है। उमेरो युद्धबंदियों की अदला-बदली कार्यक्रम से गहरे रूप से जुडे रहे हैं। नये रक्षामंत्री की नियुक्ति ऐसे समय की गयी है जब यूक्रेन अपने दक्षिणी हिस्से में रूस के साथ कडे संघर्ष में उलझा हुआ है।
——–
श्रीलंका के पल्लेकेले में एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में नेपाल ने भारत को जीत के लिए 231 रन का लक्ष्य दिया है। फिलहाल वर्ष के कारण मैच बाधित है। भारत ने तीसरे ओवर में बिना किसी नुकसान के 17 रन बना लिये हैं।
इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर नेपाल को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। नेपाल ने 48 ओवर और दो गेंद में 230 रन बनाए।
—–—
महिला और बाल विकास मंत्रालय इस वर्ष सितंबर में छठा राष्ट्रीय पोषण माह मना रहा है। पोषण माह के पहले दिन देशभर में अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
-साभार
