टीके की कीमतों पर राजनीति तेज, आपस में भिड़े भाजपा और कांग्रेस ने क्या कहा..?
देश में कोरोना की दूसरी लहर बेकाबू होने की ओर है। कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा रोज नए रिकॉर्ड बना रहा है। सरकार ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई को तेज करते हुए टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण का एलान किया है। अभियान अभी शुरू भी नहीं हुआ है कि कोविड वैक्सीन की कीमतों को लेकर सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस ने टीके की कीमतों को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कांग्रेस पर करारा पलटवार किया है। जानें किसने क्या कहा…
आरोप कांग्रेस का
कांग्रेस ने टीकाकरण की नीति को भेदभावपूर्ण बताया। कांग्रेस महासचिव और मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार मुनाफाखोरों को 1.11लाख करोड़ रुपए की मुनाफाखोरी करने की अनुमति दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों को मुफ्त वैक्सीन उपलब्ध कराने की अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया है।
कांग्रेस भ्रम-भय का किस्सा गढ़ रही
इन आरोपों के जवाब में केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने मोर्चा संभाला। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले कोरोना के स्वदेशी टीकों के प्रभाव पर भय पैदा कर रहे थे। अब वो टीकों की कीमत पर भ्रम पैदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल वक्त में सभी को समाधान का हिस्सा बनना चाहिए… ना की भय और भ्रम का किस्सा गढ़ना चाहिए।
