लखनलाल और गोपाल मोदी की अगुवाई में भाजपा की मौन रैली, विभाजन विभीषिका के शहीदों को नमन

कोरबा। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा द्वारा शुक्रवार को कोसाबाड़ी चौक से निगम सभागृह तक मौन रैली निकाली गई। रैली में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर वर्ष 1947 के विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने वाले तथा विस्थापन और अमानवीय पीड़ा झेलने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
लखनलाल देवांगन ने कहा कि वर्ष 1947 का विभाजन भारतीय इतिहास का एक ऐसा हृदयविदारक अध्याय है, जिसकी पीड़ा को कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन के कारण लाखों लोगों को अपना घर, अपनी जमीन और अपनी जन्मभूमि छोड़कर विस्थापन की त्रासदी झेलनी पड़ी। असंख्य निर्दोष नागरिकों ने हिंसा, शोषण और अमानवीय परिस्थितियों में अपने प्राण गंवाए।
गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने युवा पीढ़ी को इतिहास के इस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने और विभाजन की विभीषिका में पीड़ित परिवारों की पीड़ा को स्मरण करने के उद्देश्य से वर्ष 2021 से ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ की शुरुआत की। यह दिवस केवल अतीत को याद करने का अवसर नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेकर देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर है।


डॉ. राजीव सिंह ने कहा कि विभाजन के दौरान धर्म के आधार पर विस्थापन की विभीषिका झेलने वाले और अपने प्राण गंवाने वाले सभी निर्दोष नागरिकों को देश सदैव श्रद्धा और सम्मान के साथ याद करता रहेगा। इतिहास की इन घटनाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां उस पीड़ा को समझ सकें और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के महत्व को आत्मसात कर सकें।
मौन रैली में उमड़ा भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम
कोसाबाड़ी चौक से प्रारंभ हुई मौन रैली में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर और मौन रहकर विभाजन की त्रासदी में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए निगम सभागृह पहुंचे। पूरे मार्ग में कार्यकर्ताओं ने गंभीरता और अनुशासन के साथ रैली में सहभागिता की।
इस अवसर पर रायपुर संभाग सह प्रभारी डॉ. राजीव सिंह, देवेंद्र पांडे, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, संजय शर्मा, कोषाध्यक्ष अजय पांडे, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष वैभव शर्मा, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति स्वर्णकार, एमआईसी सदस्य हितानंद अग्रवाल, पार्षद नरेंद्र देवांगन, अजय चंद्रा, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, राम त्रिपाठी, विकास अग्रवाल, नवीन अरोरा, प्रकाश अग्रवाल, योगेश जैन, श्रीमती अंजना सिंह, परविंदर सिंह, राजेश लहरे सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इतिहास से सीख लेकर एकता का संकल्प
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित मौन रैली के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने 1947 की विभाजन त्रासदी में दिवंगत हुए सभी नागरिकों को नमन करते हुए देश की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने नई पीढ़ी को इतिहास के उस दर्दनाक अध्याय से परिचित कराने और उसे स्मरण रखने का संदेश भी दिया।

Veerchhattisgarh

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *