मां मड़वारानी दाई के गूंजे जयकारे, लखनलाल देवांगन ने माथा टेका किए पिंडी दर्शन

कोरबा। मड़वारानी। चैत नवरात्रि के पावन अवसर पर आदि शक्ति की आराधना हेतु पर्वत वासिनी माता मड़वारानी दाई मंदिर में इस वर्ष भी भव्य आयोजन हुआ। मां मड़वारानी सेवा एवं जनकल्याण समिति (पंजीयन क्रमांक 368) द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ नवरात्रि पर्व मनाया गया।
चैत नवरात्रि के पावन अवसर पर श्रम एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने माता मड़वारानी दाई मंदिर (पर्वत स्थल) पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने अपने साथियों सहित पहाड़ पर विराजित मां मड़वारानी दाई की पिंडियों के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर समिति के पदाधिकारी, सेवक एवं पुजारीगण भी उपस्थित रहे। श्री देवांगन ने श्रद्धा और भक्ति के इस माहौल में सभी ने क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
समिति के सचिव विनोद कुमार साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि 19 मार्च 2026 से नवरात्रि पर्व का विधिवत शुभारंभ हुआ। घट स्थापना के साथ अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई तथा मनोकामना ज्योति कलश भी प्रज्ज्वलित किए गए। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और अपनी मनोकामनाएं मां के चरणों में अर्पित की।
उन्होंने आगे बताया कि 27 मार्च 2026 को नवरात्रि पर्व का समापन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ किया जाएगा। इस दिन हवन-पूजन, कन्या पूजन, विशाल भंडारा एवं ज्योति कलश विसर्जन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
नवरात्रि के चलते मंदिर परिसर में विशेष सजावट की गई है। साफ-सफाई, रंग-रोगन और आकर्षक व्यवस्था से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में रंग गया है।
समिति ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर माता मड़वारानी दाई का आशीर्वाद प्राप्त करें और इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *