निगम : एक आदेश कई संदेश, उरांव को विकास का पूरा रोडमैप, रूचि साहू की नई उड़ान
कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा के प्रशासनिक गलियारों में मंगलवार को एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। अधीक्षण अभियंता के सेवानिवृत्त होने के बाद निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने प्रशासनिक दायित्वों का पुनर्विन्यास करते हुए कई महत्वपूर्ण शाखाओं की जिम्मेदारी भूषण राम उरांव को सौंप दी।
नए आदेश के अनुसार, अपने पूर्व दायित्वों के साथ-साथ अब श्री उरांव निर्माण, योजना, डीएमएफ, सीएसआर, 15वें एवं 16वें वित्त आयोग, अमृत मिशन जैसी महत्वपूर्ण शाखाओं के प्रभारी अधिकारी होंगे। इसके अतिरिक्त उन्हें सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम, 2005 के अंतर्गत प्रथम अपीलीय अधिकारी का दायित्व भी सौंपा गया है। यह विश्वास और उत्तरदायित्व, दोनों का विस्तृत विस्तार है।
इसी क्रम में प्रभारी कार्यपालन अभियंता रुचि साहू को उनके वर्तमान कार्यों के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) का प्रभार भी सौंपा गया है, जिससे शहर की बहुप्रतीक्षित आवासीय योजनाओं के संचालन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
आयुक्त का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
फिलहाल इतना तय है कि निगम प्रशासन में यह बदलाव आने वाले समय में कार्यप्रणाली और विकास कार्यों की गति पर अपनी स्पष्ट छाप अवश्य छोड़ेगा।

