कांग्रेस के नए कार्यालय पर विवाद: ‘सरदार मनमोहन सिंह भवन’ नाम रखने की मांग, लगे पोस्टर लेकिन पार्टी ने…
दिल्ली में 15 जनवरी को कांग्रेस के नए मुख्यालय भवन का उद्घाटन किया गया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इसका उद्घाटन किया। इस अवसर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी, राहुल गांधी भी उपस्थित रहे। कांग्रेस के नए मुख्यालय का नाम ‘इंदिरा भवन’ रखा गया है। इस बीच जानकारी के अनुसार नाम को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। पार्टी कार्यकर्ता इसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नाम पर करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने पार्टी मुख्यालय के बाहर ‘सरदार मनमोहन सिंह भवन’ के पोस्टर भी लगा दिए।
कांग्रेस दफ्तर का नाम मनमोहन सिंह के नाम पर नहीं रखने पर कार्यकर्ता पार्टी पर उन्हें नजरअंदाज करने के आरोप भी लगा रहे हैं। उनका कहना है कि पूर्व पीएम के निधन के बाद अंतिम संस्कार और स्मारक को लेकर पार्टी ने सरकार पर अपमान करने के आरोप लगाए थे। लेकिन अब जब सम्मान देने की बात आई तो उन्हें नजरअंदाज कर रही है।
कांग्रेस के भीतर विवाद में बीजेपी कूदी
बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस की तरफ से अपने नए मुख्यालय का नाम मनमोहन सिंह के बजाय इंदिरा गांधी के नाम पर रखने की आलोचना की है। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ‘X’ पर लिखते हैं- ‘कांग्रेस ने मनमोहन सिंह के सम्मान पर गंदी राजनीति की, लेकिन अब अपने नए मुख्यालय का नाम मनमोहन सिंह के नाम पर रखने की भारी मांग के बावजूद, उन्होंने उन्हें नजरअंदाज कर दिया और इसका नाम इंदिरा गांधी के नाम पर रख दिया। सिख समुदाय को गाली देना और उनका अपमान करना, हमेशा परिवार को प्राथमिकता देना शर्मनाक मानसिकता है। नरसिम्हा राव जी, अंबेडकर जी, प्रणब दा और सभी दिग्गजों का कांग्रेस ने अपमान किया है।’