मुख्यमंत्री ने राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष के साथ देखी फिल्म ‘हनुमान अंश’, छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा
नीम करौली बाबा के जीवन, प्रेम, भक्ति और मानव सेवा के संदेश से प्रेरित है फिल्म
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्यपाल रमेन डेका जी एवं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह जी के साथ सपरिवार फिल्म ‘हनुमान अंश’ देखी। फिल्म में महान संत नीम करौली बाबा के जीवन, उनके प्रेम, भक्ति और मानव सेवा के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नीम करौली बाबा का जीवन भारतीय संत परंपरा की उस महान विरासत का प्रेरणादायी उदाहरण है, जिसमें प्रेम, भक्ति, सेवा और मानव कल्याण को सर्वोच्च स्थान दिया गया है। फिल्म ने उनके जीवन मूल्यों और आध्यात्मिक संदेश को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा है।
मुख्यमंत्री स्क्री साय ने भारतीय संस्कृति और संत परंपरा के संदेश को अधिक से अधिक लोगों, विशेषकर नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से फिल्म ‘हनुमान अंश’ को छत्तीसगढ़ में टैक्स फ्री करने की घोषणा की।
उन्होंने फिल्म के निर्माण से जुड़े सभी कलाकारों, निर्माता-निर्देशक और पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संत परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों पर आधारित ऐसी फिल्में हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।


