उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दिलाई शपथ, प्रेस क्लब को मिला 20 लाख का तोहफा

Writing
कोरबा प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, भवन विस्तार के लिए 20 लाख की सहायता का ऐलान
कोरबा, 23 जुलाई। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह गुरुवार को पं. जवाहरलाल नेहरू सभागार, रामपुर में गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं कोरबा जिले के प्रभारी मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा प्रेस क्लब भवन के विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रेस क्लब अध्यक्ष नौशाद खान के स्वागत उद्बोधन से हुई। उन्होंने प्रेस क्लब के विकास में पूर्व जनप्रतिनिधियों के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व विधायक जयसिंह अग्रवाल के कार्यकाल में प्रेस क्लब को पहला भवन मिला, जबकि बाद में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह, मंत्री राजेश मूणत और महापौर लखन लाल देवांगन के सहयोग से तिलक भवन की नींव रखी गई। उन्होंने केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि बढ़ाने के लिए महापौर संजू देवी राजपूत का आभार भी व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि अरुण साव ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब की पहचान पूरे प्रदेश में है और पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्ष, जिम्मेदार और तथ्यपरक पत्रकारिता करने का आह्वान करते हुए कहा कि एआई और नई तकनीकों के दौर में अनुभवी एवं युवा पत्रकारों के समन्वय से पत्रकारिता को नई दिशा मिलेगी।
उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि जनसरोकारों और शासन की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।
पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों की जिम्मेदारी पहले से अधिक बढ़ गई है और उन्हें निष्पक्षता व ईमानदारी के साथ अपनी भूमिका निभानी चाहिए।
महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव और मंत्री लखनलाल देवांगन के नेतृत्व में नगर निगम क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और सौंदर्यीकरण सहित कई विकास कार्य तेजी से किए गए हैं। उन्होंने प्रेस क्लब की नई टीम को शुभकामनाएं देते हुए पत्रकारों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।
इस अवसर पर संरक्षक कमलेश यादव, अध्यक्ष नौशाद खान, उपाध्यक्ष राजकुमार शाह, सचिव दिनेश राज, उप सचिव हरीश तिवारी, कोषाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव तथा कार्यकारिणी सदस्य राजेश कुमार मिश्रा (मिट्ठू), नवाब हुसैन और आकाश शर्मा ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
समारोह में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पत्रकार भी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में प्रेस क्लब सचिव दिनेश राज ने आभार प्रदर्शन किया, जबकि मंच संचालन सादिक शेख ने किया।
भवन विस्तार के लिए 20 लाख की घोषणा
समारोह के दौरान उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कोरबा प्रेस क्लब भवन के विस्तार के लिए 20 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने पदाधिकारियों से शीघ्र प्राक्कलन तैयार कर शासन को प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *