सेवा पथ पर अविस्मरणीय यात्रा का सम्मान, एचटीपीएस ने दी भावपूर्ण विदाई
12 विद्युत कर्मियों को दी गई भावभीनी विदाई, हसदेव ताप विद्युत गृह में हुआ दीर्घ सेवा सम्मान समारोह
कोरबा, 01 अगस्त 2025।हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम से जुलाई माह में सेवानिवृत्त हुए 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भावभीनी विदाई दी गई। श्रम कल्याण केंद्र में आयोजित दीर्घ सेवा सम्मान समारोह में उन्हें स्मृतिचिन्ह एवं सेवा प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सेवानिवृत्त होने वालों में अधीक्षण अभियंता राजेंद्र कुमार अग्रवाल, स्टाफ ऑफिसर घनश्याम प्रसाद नामदेव, प्रशासनिक अधिकारी पुनीराम चौहान सहित कनिष्ठ पर्यवेक्षक लखन लाल ठाकुर, चंद्रकुमार चंद्रा, परीक्षित लाल चंद्रा, बंधन सिंह कंवर, कमल नारायण पटेल, संयंत्र सहायक श्रेणी एक जीवन लाल यादव, मुख्य सुरक्षा सैनिक बाबूलाल बरेठ, शिव सम्पत्ति प्रसाद राव एवं रामनिधि तिवारी शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुख्य अभियंता पी.के. श्रीवास्तव ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए पॉवर कंपनी की ओर से आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों की निष्ठा और समर्पण से संस्थान को निरंतर प्रगति मिली है।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता पी.के. स्वैन, पी.के. मलघानी, के.एन.बी. राव, एस.सी. पाठक एवं वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ ए.के. कुरनाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने भी सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके भावी जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा किए और संस्था के साथ अपने जुड़ाव को याद किया। प्रशासनिक अधिकारी पुनीराम चौहान ने इस अवसर पर बताया कि उन्होंने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है।
कार्यक्रम का संचालन कल्याण अधिकारी सुरेश सिंह कंवर ने किया। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों का संक्षिप्त जीवन परिचय प्रस्तुत करते हुए उनके कार्यकाल की झलकियां साझा कीं। समारोह में बड़ी संख्या में एचटीपीएस के अधिकारी, कर्मचारी एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन उपस्थित रहे।
