सर्वेश तिवारी’श्रीमुख’ : चेहरे पर मुस्कान, भीतर कितने तूफान
कल पड़ोस की एक बारात में थे। जयमाल से पहले मंच पर राधा-कृष्ण बने नर्तक-नर्तकी नाच रहे थे। आजकल हमारी ओर यह खूब चलन में है। जयमाला के स्टेज पर नववर-वधू को केंद्र में रखकर आरती होती है, फिर राधा-कृष्ण वाला नृत्य।
खैर! मंच पर दोनों नाच रहे थे। राधा बनी नर्तकी के चेहरे पर सुंदर मुस्कान सजी हुई थी। हम लोग मंच के आगे बैठे वधू के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे, सो तब तक नाच देखना मजबूरी थी। दोनों लगभग घंटे भर नाचते रहे, नर्तकी उतनी देर लगातार मुस्कुराती रही।

अचानक विचार आया, क्या सचमुच कोई घंटे भर लगातार मुस्कुरा सकता है? वह भी एक ऐसी सभा में, जहां उसका कोई परिचित, कोई अपना न हो? नहीं, ऐसा नहीं हो सकता। वास्तव में वह मुस्कान झूठी थी।
सोचता हूं, किसी भी नर्तकी की मुस्कान हमेशा झूठी ही होती है। बल्कि नर्तकी की मुस्कान से अधिक झूठी वस्तु संसार में कोई नहीं। उसे पता होता है कि मुस्कान उसे आकर्षक बनाती है और आकर्षक दिखना उसकी मजबूरी है। उसे लगभग रोज ही किसी मंच पर होना होता है, उसे रोज ही लगातार घंटों मुस्कुराना होता है। वह जैसे अपनी नकली मुस्कान बेचती है और हम उसे असली समझकर खरीदते हैं।
ऐसा भी अनेक बार होता होगा कि वह किसी कारण से बहुत उदास हो, फिर भी उसे मंच पर नाचते हुए मुस्कुराना पड़ा हो। जीवन कितनी तरह से परीक्षा लेता है, गिना नहीं जा सकता। बात केवल नर्तकी की ही नहीं है, ऐसी स्थिति कभी-कभार हम सभी के सामने आती है, जब हम बेमन से मुस्कुराते हैं।
बहुत पहले मशहूर कॉमेडियन सतीश शाह ने एक घटना साझा की थी, जिसमें वे बीमार पत्नी को लेकर अस्पताल गए थे। पत्नी अंदर ऑपरेशन थिएटर में थी, वे बाहर उदास बैठे थे। तभी किसी ने उन्हें पहचान लिया और फिर जिद करने लगा कि कुछ सुनाइए। सतीश बड़े कलाकार थे, फिर भी उस समय चुटकुला नहीं सुना सके। शादियों में नाचने वाली नर्तकी को इतनी छूट नहीं होती। उसे इससे भी बुरी दशा में मुस्कुराना होता है।
बाजार सबसे अधिक झूठ की खेती करा रहा है और कमाल यह कि उसी खेती से बहुतों का पेट भी पल रहा है।


