खाते में अचानक आ जाए लाखों रुपये तो खुश मत होइए, कहीं आप साइबर ठगों के जाल में तो नहीं फंस रहे !
साइबर अपराध का नया पैंतरा! पहले आपके खाते में आएगी रकम, फिर भावुक अपील के सहारे आपसे ही करवाया जाएगा संदिग्ध लेन-देन। एक छोटी सी मानवीय भूल आपको बैंकिंग जांच और कानूनी मुश्किलों में डाल सकती है।
साइबर अपराध की दुनिया में अब ठगी का तरीका भी बदल रहा है। पहले ठग फोन करके ओटीपी मांगते थे, फर्जी लिंक भेजते थे या बैंक अधिकारी बनकर खातों की जानकारी हासिल करते थे। लेकिन अब अपराध का एक ऐसा तरीका भी सामने आ रहा है, जिसमें ठगी का शिकार बनाने के लिए अपराधी पहले आपके बैंक खाते में ही लाखों रुपये जमा करवा सकते हैं।

जरा कल्पना कीजिए, सुबह उठते ही मोबाइल पर बैंक खाते में 6 लाख 85 हजार रुपये जमा होने का संदेश दिखाई दे। न आपने किसी से उधार लिया है, न कोई संपत्ति बेची है और न ही किसी कारोबार से इतनी बड़ी रकम मिलने की उम्मीद है। जाहिर है, आप हैरान होंगे। कुछ देर बाद एक अनजान व्यक्ति का फोन आएगा। वह बेहद परेशान आवाज में कहेगा कि गलती से उसके पैसे आपके खाते में चले गए हैं। वह अपनी मजबूरी बताएगा, व्यापार चौपट होने की दुहाई देगा और पैसे लौटाने की गुहार लगाएगा।
यहीं से शुरू होता है साइबर अपराध का खतरनाक खेल।
मदद की अपील के पीछे छिपा हो सकता है अपराध का नेटवर्क
मान लीजिए, किसी व्यक्ति के बैंक खाते में अचानक 6.85 लाख रुपये आ जाते हैं। कुछ देर बाद एक अनजान व्यक्ति फोन करके दावा करता है कि रकम गलती से उसके खाते से ट्रांसफर हो गई है। वह तत्काल पैसे वापस मांगता है। जब खाताधारक सीधे रकम लौटाने से इनकार करता है तो उसे एक क्यूआर कोड भेजकर भुगतान करने के लिए कहा जाता है।
लेकिन सवाल यह है कि यदि पैसा वास्तव में उसी व्यक्ति का है तो उसे वापस उसी बैंकिंग माध्यम से क्यों नहीं लिया जा रहा, जिससे वह आया था?
यही वह बिंदु है जहां सतर्कता जरूरी हो जाती है।
संभव है कि खाते में आई रकम किसी अन्य व्यक्ति के साथ हुई साइबर धोखाधड़ी का हिस्सा हो। अपराधी चोरी की रकम को किसी दूसरे व्यक्ति के खाते में पहुंचाकर उससे आगे किसी तीसरे खाते में ट्रांसफर करवाने की कोशिश कर सकते हैं। इस तरह असली अपराधी पर्दे के पीछे रह जाता है और बीच का खाताधारक अनजाने में संदिग्ध धन के लेन-देन की कड़ी बन सकता है।
क्यूआर कोड स्कैन करने की जल्दबाजी पड़ सकती है भारी
सबसे बड़ी सावधानी क्यूआर कोड को लेकर बरतने की जरूरत है। यूपीआई में सामान्यतः पैसे प्राप्त करने के लिए अपना यूपीआई पिन डालने की आवश्यकता नहीं होती। यदि कोई व्यक्ति पैसा वापस पाने या प्राप्त करने के नाम पर आपको क्यूआर कोड स्कैन करने और यूपीआई पिन डालने के लिए कह रहा है तो सावधान हो जाइए। क्यूआर कोड स्कैन करने और पिन डालने से आप अनजाने में भुगतान कर सकते हैं।
यह भी समझना जरूरी है कि खाते में रकम आने का अर्थ यह नहीं है कि उस रकम पर आपका अधिकार हो गया। यदि रकम किसी धोखाधड़ी से जुड़ी है तो उसे अपनी मर्जी से आगे ट्रांसफर करना आपके लिए परेशानी पैदा कर सकता है।
ऐसी स्थिति में क्या करें?
- खाते में अनजान रकम आने पर उसे खर्च न करें और न ही किसी दूसरे खाते में भेजें।
- रकम वापस करने के लिए फोन करने वाले व्यक्ति के दबाव या भावुक अपील में न आएं।
- किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड को स्कैन न करें और यूपीआई पिन साझा न करें।
- तत्काल अपने बैंक की आधिकारिक शाखा या ग्राहक सेवा के माध्यम से लेन-देन की शिकायत दर्ज कराएं।
- बैंक से लिखित शिकायत और ट्रांजैक्शन की जांच का अनुरोध करें। रकम लौटाने की प्रक्रिया भी बैंक के आधिकारिक माध्यम से ही पूरी करें।
- यदि साइबर धोखाधड़ी का संदेह हो तो साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
एक गलती और आप भी बन सकते हैं जांच के दायरे में
साइबर अपराध का यह नया खतरा इसलिए भी गंभीर है क्योंकि इसमें अपराधी किसी व्यक्ति के लालच के बजाय उसकी संवेदनशीलता और मदद करने की भावना का इस्तेमाल कर सकते हैं। कोई व्यक्ति दूसरे की परेशानी देखकर पैसे लौटाने की जल्दबाजी कर बैठता है, लेकिन उसे पता ही नहीं होता कि वह किसके पैसे किस खाते में भेज रहा है।
याद रखिए, साइबर ठगों के लिए आपका बैंक खाता केवल पैसे रखने की जगह नहीं, बल्कि उनके अपराध को आगे बढ़ाने का जरिया भी बन सकता है।
इसलिए अगली बार आपके खाते में अचानक लाखों रुपये आ जाएं तो उसे किस्मत का करिश्मा समझकर खुश होने की जरूरत नहीं है। हो सकता है कि वह किसी दूसरे की मेहनत की कमाई हो और कोई अपराधी आपको अपनी साजिश का माध्यम बनाने की कोशिश कर रहा हो।
अनजान रकम पर अधिकार जताने की जल्दबाजी मत कीजिए और उसे लौटाने की भावुकता में भी गलती मत कीजिए। बैंक को जांच करने दीजिए, क्योंकि साइबर अपराध की दुनिया में कभी-कभी आपके खाते में आया पैसा भी आपके लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है।


