मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा पहुंचे कोरबा जिला न्यायालय, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा

मुख्य न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा पहुंचे कोरबा जिला न्यायालय, व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का लिया जायजा
कोरबा, 29 अगस्त। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा शनिवार को कोरबा जिला न्यायालय पहुंचे। उनके आगमन पर न्यायालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा। न्यायालय पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद मुख्य न्यायमूर्ति ने जिला न्यायालय परिसर का बारीकी से निरीक्षण कर न्यायिक व्यवस्थाओं, सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोर्ट रूम, चिकित्सक कक्ष, विशेष न्यायालय, प्रतिलिपि अनुभाग, शिशु सदन, लोक सूचना अधिकारी कार्यालय, ई-सेवा केंद्र, डिजिटाइजेशन एवं स्कैनिंग रूम सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालयीन कामकाज के सुचारू संचालन और अधोसंरचना से जुड़े कार्यों की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।
अधिवक्ता संघ ने किया आत्मीय स्वागत
मुख्य न्यायमूर्ति के कोरबा आगमन पर जिला अधिवक्ता संघ की ओर से उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। संघ द्वारा उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य न्यायमूर्ति श्री रमेश सिन्हा ने कहा कि अधिवक्ता संघ के सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें गौरव का अनुभव हो रहा है।
उन्होंने अधिवक्ताओं द्वारा रखी गई मांगों पर विधिवत विचार कर उन्हें पूरा करने का प्रयास करने का भरोसा दिलाया। साथ ही अधिवक्ताओं से न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने और पक्षकारों को समयबद्ध एवं सुगम न्याय दिलाने के लिए समर्पित होकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष गणेश कुलदीप ने अधिवक्ताओं की समस्याओं एवं विभिन्न मांगों से मुख्य न्यायमूर्ति को अवगत कराया।
लंबित प्रकरणों और न्यायिक व्यवस्थाओं पर मंथन
निरीक्षण के बाद मुख्य न्यायमूर्ति ने जिला न्यायालय के न्यायाधीशों की बैठक ली। बैठक में लंबित प्रकरणों, न्यायालयीन कार्यों और न्यायिक व्यवस्थाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
मुख्य न्यायमूर्ति ने अपने साढ़े तीन वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि न्यायालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के साथ ही न्यायालयों की अधोसंरचना के विकास पर लगातार ध्यान दिया गया है। प्रदेश के विभिन्न जिलों का दौरा कर न्यायालयों की व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया गया है।
प्रशासनिक और न्यायिक अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोरबा के अध्यक्ष संतोष शर्मा, कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ राज्य विधिज्ञ परिषद के अध्यक्ष रविंद्र पराशर सहित जिला अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, अधिवक्तागण, न्यायिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *